


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। शहर के भिखनपुर इलाके में रेलवे सुरक्षा और स्थानीय लोगों की आवाजाही को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने भिखनपुर स्थित गुमटी संख्या-1 और 2 के लिए प्रस्तावित दो लिमिटेड हाइट सबवे (एलएचएस) के आरसीसी बॉक्स और स्लैब सेगमेंट की लॉन्चिंग सफलतापूर्वक पूरी कर ली है।
31 जुलाई और 2 अगस्त को हुए इस कार्य के दौरान कुल 12 आरसीसी बॉक्स सेगमेंट और 11 आरसीसी स्लैब सेगमेंट स्थापित किए गए। इसके साथ ही दोनों एलएचएस के लॉन्चिंग का चरण पूरा हो गया है। यह परियोजना भागलपुर यार्ड में दो नई स्टेबलिंग लाइनों के निर्माण से जुड़ी है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, संपर्क मार्ग तैयार होने के बाद ये दोनों एलएचएस रेलवे लाइन के दोनों ओर बसे घनी आबादी वाले इलाकों के लोगों को सुरक्षित आवागमन का विकल्प देंगे। इससे समपार फाटकों पर निर्भरता कम होगी, दुर्घटना की आशंका घटेगी और ट्रेनों का संचालन भी अधिक सुचारु एवं समयबद्ध हो सकेगा।
मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) निलेश कुमार गौरव की देखरेख में भागलपुर टीम ने इस चुनौतीपूर्ण कार्य को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। रेलवे ने इसे स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा, बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक रेल अवसंरचना की दिशा में एक अहम कदम बताया है।

















