


नवगछिया के खगड़ा चौक पर रविवार को ट्रिपल लोड बाइक की चपेट में आने से एक महिला घायल हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घायल महिला की पहचान परबत्ता थाना क्षेत्र के गोनरचक गांव निवासी पिंकी देवी, पति अखिलेश मंडल के रूप में हुई है। बताया जाता है कि पिंकी देवी खगड़ा चौक पर वाहन से उतरकर अपने घर जाने के लिए आगे बढ़ रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रिपल लोड बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

घटना के समय उन्हें लेने पहुंचे परिजन भी हादसा देखकर घबरा गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को पुलिस गाड़ी की सहायता से नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार महिला के हाथ में गंभीर चोट आई है और उनका उपचार जारी है।
हादसे के बाद बाइक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।















