


पूर्णिया। पवित्र श्रावण मास की प्रथम सोमवारी के अवसर पर पूर्णिया की महापौर विभा कुमारी एवं जितेंद्र यादव ने सुल्तानगंज स्थित उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र गंगाजल उठाकर बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर एवं बाबा बासुकीनाथ धाम के लिए पैदल कांवर यात्रा आरंभ की। इस दौरान उन्होंने भगवान भोलेनाथ से पूर्णिया नगर निगम परिवार सहित जिलेवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं निरंतर विकास की कामना की।

महापौर विभा कुमारी ने कहा कि श्रावणी कांवर यात्रा केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन, त्याग और सामाजिक सद्भाव का भी संदेश देती है। उन्होंने बाबा बैद्यनाथ एवं बाबा बासुकीनाथ से प्रार्थना की कि पूर्णिया नगर निगम निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर रहे तथा सभी नागरिकों के जीवन में सुख, शांति और खुशहाली बनी रहे। उन्होंने शिवभक्तों से यात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखने, प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा सुरक्षित यात्रा करने की अपील की।

जितेंद्र यादव ने कहा कि श्रावणी कांवर यात्रा भारतीय संस्कृति, आस्था और सामाजिक एकता का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने बाबा भोलेनाथ से सभी श्रद्धालुओं की मनोकामना पूर्ण होने तथा समाज में प्रेम, भाईचारा और सौहार्द की भावना सुदृढ़ होने की कामना की।
उन्होंने बताया कि कांवरियों की सेवा के उद्देश्य से बांका जिले के कटोरिया में निःशुल्क पूर्णिया सेवा शिविर संचालित किया जा रहा है। शिविर में श्रद्धालुओं के लिए भोजन, विश्राम, पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने विशेष रूप से कोसी-सीमांचल क्षेत्र के कांवरियों से यात्रा के दौरान इस सेवा शिविर का लाभ उठाने की अपील की।
महापौर की कांवर यात्रा में वार्ड पार्षद ममता सिंह, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि ललनेश सिंह, मनोज साह, पूर्व वार्ड पार्षद राजीव कुमार उर्फ पप्पू पासवान, नीतू दास, रीमा दास, मुरारी झा, दिलीप चौधरी सहित दर्जनों श्रद्धालु शामिल रहे।
















