


नवगछिया। महादेवपुर घाट, नवगछिया से जल लेकर मधेपुरा स्थित बाबा सिंहेश्वर स्थान में जलाभिषेक करने जा रहे एक ही परिवार के तीन श्रद्धालु सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रविवार की रात को परबता थाना क्षेत्र स्थित जियो पेट्रोल पंप के समीप हुई, जहां उनकी मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर एक बलेनो कार से हो गई।

हादसे में बाइक सवार दिलखुश मंडल (34 वर्ष), पिता- रामदेव मंडल, उनकी पत्नी पूजा देवी (25 वर्ष) तथा पुत्री अनुष्का कुमारी (10 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत एकधारा गांव के निवासी हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद डायल-112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को तत्काल नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। डायल-112 के पुलिस पदाधिकारी राहुल राज एवं चालक चंद्रशेखर कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया, जिससे उन्हें तत्काल उपचार मिल सका।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दिलखुश मंडल और उनकी पुत्री अनुष्का कुमारी की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज) रेफर कर दिया। बताया गया कि दुर्घटना में दिलखुश मंडल का हाथ और पैर टूट गया है, जबकि अनुष्का कुमारी का भी पैर फ्रैक्चर हो गया है। पूजा देवी का इलाज नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में किया गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
















