


पूर्णिया। बिहार की राजधानी पटना स्थित ललित कला अकादमी में आदया आर्ट एंड फिल्म द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी-2026 में मिल्लिया फखरुद्दीन अली अहमद बी.एड. शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, पूर्णिया के सहायक प्राध्यापक एवं चित्रकार ध्रुव कुमार को उत्कृष्ट कलाकृति के लिए पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। यह प्रदर्शनी 3 अगस्त से 7 अगस्त 2026 तक आयोजित की जा रही है।

प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्य बाल श्रम मंत्री अशोक कुमार, भवन निर्माण विभाग के अपर सचिव एवं बापू टावर के निदेशक विनय कुमार (आईएएस) तथा कला एवं शिल्प महाविद्यालय की प्राचार्या डाॅ. राखी कुमारी ने संयुक्त रूप से किया। प्रदर्शनी में बिहार सहित देश के कई सुप्रसिद्ध कलाकारों, कला संस्कृति पदाधिकारियों और ललित कला शिक्षकों ने भाग लिया।

चित्रकार ध्रुव कुमार खगड़िया जिले के महदा बन्नी गांव के निवासी हैं और पिछले दस वर्षों से मिल्लिया बी.एड. कॉलेज, पूर्णिया में ललित कला के सहायक प्राध्यापक के रूप में कार्यरत हैं। उनकी कलाकृतियों का चयन दिल्ली स्थित लोकायता आर्ट गैलरी में 7 से 9 अगस्त तक आयोजित राष्ट्रीय समूह कला प्रदर्शनी-2026 के लिए भी किया गया है।
ध्रुव कुमार की कलाकृतियां इससे पूर्व कोलकाता की बिड़ला अकादमी ऑफ आर्ट एंड कल्चर, नई दिल्ली के कला संकुल आर्ट गैलरी, मुंबई की सिमरोजा आर्ट गैलरी तथा नेपाल, इंडोनेशिया, दुबई और श्रीलंका की प्रतिष्ठित कला दीर्घाओं में प्रदर्शित हो चुकी हैं। उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कई कला प्रदर्शनी एवं कार्यशालाओं में सम्मानित किया जा चुका है।
इस उपलब्धि पर मिल्लिया एजुकेशनल ट्रस्ट के निदेशक डाॅ. असद इमाम, सह-निदेशक ई. आदिल इमाम, महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ. शहवाज रिजवी सहित पूरे मिल्लिया परिवार ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
















