


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। भारतीय युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया के साथ ही भागलपुर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में युवा कांग्रेस के सदस्यता अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और चुनाव प्रक्रिया की रूपरेखा तय की गई।
कार्यक्रम में ज़ोन-1 के ज़ोनल रिटर्निंग ऑफिसर (ZRO) सद्दाम शेख ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा अधिक से अधिक युवाओं को सदस्य बनाने का आह्वान किया। उन्होंने निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया पर भी जोर दिया।
बैठक में जानकारी दी गई कि सदस्यता अभियान 3 सितंबर 2026 तक चलेगा। अभियान के तहत 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को संगठन से जोड़ा जाएगा। सदस्य बनने के लिए मतदाता पहचान पत्र (वोटर आईडी) अनिवार्य होगा।
इस बार भागलपुर जिला युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को लेकर खासा उत्साह है। जिले में विभिन्न पदों के लिए कुल 83 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए पांच उम्मीदवार अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। इनमें प्रशांत बनर्जी, सुमित कुमार, रणवीर शर्मा, नावेद मान्यार और तुषार कुमार शामिल हैं। सदस्यता अभियान के साथ ही इन प्रत्याशियों ने भी अपने-अपने समर्थन के लिए संपर्क अभियान तेज कर दिया है।
बैठक में भागलपुर जिला कांग्रेस के प्रभारी राहुल सिंह चौहान, वरिष्ठ नेता मुजफ्फर अहमद, राजेश रंजन (राजू), अमित आनंद, निहाल, नवीन सिंह, ज़ैदी इक़बाल, आसिफ, सुबोध, मृत्युंजय शर्मा, नीरज, राज नंदन सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महासचिव, जिला अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष एवं ब्लॉक अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों ने भी बैठक में भाग लेकर सदस्यता अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में नेताओं ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में युवा कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने और संगठन की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

















