


नवगछिया प्रखंड के कदवा स्थित बाबा विशु राउत सेतु पहुंच पथ पर मिलन चौक के समीप गुरुवार को सड़क पर बने गड्ढे के कारण एक सीएनजी ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो पर सवार छह कांवरिया घायल हो गए। सभी श्रद्धालु मधेपुरा जिले के बरेली बाजार के निवासी हैं और महादेवपुर घाट से गंगाजल लेकर सिंहेश्वर धाम में जलाभिषेक के लिए जा रहे थे।

घायलों में जोगेंद्र महतो के पुत्र सरोज कुमार, उनकी पत्नी चंदन कुमारी, पुत्री सोनाक्षी कुमारी, दुखन महतो की पत्नी सुनीता देवी, जोगेंद्र महतो के पुत्र विनोद कुमार सहित छह लोग शामिल हैं। स्थानीय लोगों एवं कदवा थाना पुलिस की सहायता से सभी घायलों को अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने सरोज कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया।
घायलों ने बताया कि कदवा मिलन चौक के पास सड़क पर बने गड्ढे में ऑटो का पहिया चला जाने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ऑटो पलट गया।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने सड़क की जर्जर स्थिति पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से गड्ढों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
















