


भागलपुर के नाथनगर रेलवे स्टेशन पर एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ एवं जबरन खींचकर ले जाने के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़िता ने नाथनगर थाना और भागलपुर रेल थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-2 स्थित नूरपुर निवासी बताई गई है। छात्रा के अनुसार वह किसी कार्य से घर से नाथनगर बाजार जा रही थी। इसी दौरान नाथनगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर तीन युवक उसके पास पहुंचे और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगे।

आरोप है कि तीनों युवक उसे जबरन खींचकर प्लेटफॉर्म की दीवार से सटे रास्ते की ओर ले जाने का प्रयास करने लगे। छात्रा ने साहस दिखाते हुए विरोध किया और शोर मचाया। शोर सुनते ही तीनों युवक मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता ने नाथनगर थाना एवं भागलपुर रेल थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
















