


भागलपुर जिले के शाहकुंड थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। हादसा शाहकुंड-अमरपुर स्टेट हाईवे-85 पर किरणपुर मदरसा के समीप हुआ, जहां पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

मृतकों की पहचान शाहकुंड थाना क्षेत्र के किरणपुर गांव निवासी 30 वर्षीय सौरभ सुमन और 23 वर्षीय नीतीश कुमार के रूप में हुई है। दोनों चचेरे भाई एक ही बाइक से वेल्थू गांव स्थित अपने एक रिश्तेदार से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल शाहकुंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही शाहकुंड थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान एवं चालक की गिरफ्तारी के लिए जांच में जुट गई है।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद किरणपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने प्रशासन से अज्ञात वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
















