5
(2)

नवगछिया। मारवाड़ी युवा मंच, नवगछिया जागृति शाखा की ओर से मारवाड़ी विवाह भवन में हरियाली तीज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं, खेलों और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष सुभाष वर्मा, प्रांतीय मंत्री निखिल चिरानिया, मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष चेतन मुनका, जागृति शाखा की अध्यक्ष श्वेता बुबना, सचिव रिंपा केडिया, संयोजक सपना शर्मा एवं नीतू चिरानिया ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम के दौरान छोटे बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, नृत्य प्रतियोगिता एवं विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में शानवी चिरानिया, शनाया चिरानिया, विवान चौधरी एवं कार्तिक चिरानिया ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई। वहीं नृत्य प्रतियोगिता में निहीरा केजरीवाल ने आकर्षक प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं।

जागृति शाखा की महिलाओं ने भी नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से सामाजिक संदेश एवं मनोरंजन का रंग भर दिया। इसके साथ ही महिलाओं ने सामूहिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को और आकर्षक बना दिया।

खरीदारी के लिए लगाए गए विभिन्न स्टॉल

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न प्रकार के आकर्षक स्टॉल लगाए गए थे, जहां महिलाओं ने जमकर खरीदारी की। खान-पान के लिए पिज्जा, स्प्रिंग रोल, समोसा, फ्रेंच फ्राइज, चाउमीन सहित विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए थे। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों ने स्टॉल का आनंद उठाया।

इसके पूर्व मारवाड़ी विवाह भवन में मेहंदी कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। जागृति शाखा की महिलाओं ने हरियाली तीज के अवसर पर एक-दूसरे के हाथों में मेहंदी लगाई और पर्व की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में शाखा सचिव रिंपा केडिया, कोषाध्यक्ष पूजा रूंगटा, रिया चिरानिया, पूजा शर्मा, रीता चिरानिया, सरिता चिरानिया, खुशबू मावंडिया, बीना सर्राफ, बबिता वर्मा, बुलबुल वर्मा, रश्मि सर्राफ, शालिनी चौधरी, संध्या चिरानिया, कंचन खेमका, सुनीता चिरानिया, सपना शर्मा, कविता अग्रवाल, चित्रा टिबरेवाल, रीता गाड़ोदिया, सीमा गाड़ोदिया सहित जागृति शाखा की अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: