


नवगछिया। नवगछिया थाना क्षेत्र में 8 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे एक महिला के घर में घुसकर मारपीट, जबरदस्ती का प्रयास और सोने की चेन छीनने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर पीड़िता प्रतिभा कुमारी ने नवगछिया थाने में रंजन कुमार केडिया और रूपा केडिया के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार घटना के समय प्रतिभा कुमारी अपने बेटे के साथ घर में मौजूद थीं, जबकि उनके पति घरेलू सामान खरीदने के लिए बाहर गए हुए थे। इसी दौरान आरोपित रंजन कुमार केडिया और रूपा केडिया जो उनके जेठ जेठानी है उनके घर कमरें और कथित रूप से गाली-गलौज करने लगे। महिला द्वारा विरोध किए जाने के बाद विवाद बढ़ गया।
पीड़िता का आरोप है कि रूपा केडिया ने उनके बेटे के साथ मारपीट शुरू कर दी। बेटे को बचाने के लिए जब वह बीच-बचाव करने पहुंचीं तो रंजन कुमार ने कथित रूप से उनका सिर पकड़कर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद उनके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने की आहट हुई।
दो भर सोने की चेन छीनने का आरोप
पीड़िता के अनुसार, लोगों के आने की आहट सुनकर रंजन कुमार वहां से जाने लगा और इसी दौरान उसके गले से करीब दो भर वजन की सोने की चेन कथित रूप से छीन ली गई। महिला ने चेन की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई है। पीड़िता ने घटना के बाद धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है।
महिला के अनुसार, कुछ देर बाद उनके पति घर लौटे। घटना की जानकारी मिलने के बाद जब वह आरोपितों से पूछताछ करने गए तो उनके साथ भी कथित रूप से मारपीट की गई। आरोप है कि रंजन कुमार ने उनके पति की छाती में दांत से काटकर उन्हें घायल कर दिया।
पीड़िता ने अपने परिवार को लगातार धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से परिवार की सुरक्षा और आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद महिला ने नवगछिया थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। नवगछिया थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















