5
(2)

नवगछिया। गोपालपुर थाना क्षेत्र के सिंघिया मकंदपुर निवासी रेशमी कुमारी ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के सात लोगों पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने, मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर महिला ने नवगछिया महिला थाना में आवेदन दिया, जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महिला थाना में दिए आवेदन के अनुसार, रेशमी कुमारी ने आरोप लगाया है कि उसका पति मिथुन कुमार अपने माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों के कहने पर उसके साथ मारपीट करता है तथा मायके से दहेज की रकम लाने के लिए दबाव बनाता है। महिला का आरोप है कि 17 जुलाई 2026 को घर में अकेली होने के दौरान उसके पति ने उसके साथ मारपीट की और दहेज की रकम मायके से लाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसे लगातार इसी तरह प्रताड़ित करने की धमकी दी गई।

आवेदन में महिला ने पांच दिसंबर 2025 की घटना का भी उल्लेख किया है। आरोप है कि उस समय ससुराल पक्ष के सभी आरोपितों ने मिलकर उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की थी। महिला का दावा है कि पेट में चोट लगने के कारण उसके दो माह के गर्भस्थ बच्चे की मौत हो गई। उसने घटना से संबंधित साक्ष्य होने की बात भी पुलिस को बताई है।

शिकायत के आधार पर नवगछिया महिला थाना में कांड संख्या 38/26 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में पति मिथुन कुमार, ससुर सुबोध साह, सास कारी देवी समेत सात लोगों को आरोपित किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 126(2), 115, 89 एवं 3(5) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात पुलिस ने कही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: