


@ सुरक्षा कारणों से पुल पर आवागमन नियंत्रित, हल्के और भारी वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग तय। विधायक शुभानंद मुकेश ने दावा किया है कि मरम्मत का कार्य डेढ़ माह में पूरा कर लिया जाएगा। पुल के दुरुस्त होते ही भारी वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-80 (एनएच-80) पर कहलगांव के समीप स्थित कौआ नदी पुल के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत को लेकर स्थानीय विधायक ई शुभानंद मुकेश के प्रयास से पथ निर्माण मंत्री ई कुमार शैलेन्द्र के निर्देश पर संबंधित प्रमंडल द्वारा पुल की आवश्यक मरम्मत और सुरक्षा संबंधी कार्रवाई तत्काल शुरू करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
पुल की तकनीकी जांच विशेषज्ञों की टीम से कराई गई है। जांच के बाद क्षतिग्रस्त हिस्सों के पुनर्स्थापन और आवश्यक मरम्मत के लिए करीब 2.50 करोड़ रुपये का प्राक्कलन तैयार किया गया है। चूंकि कौआ नदी पुल राष्ट्रीय उच्च पथ पर स्थित है, इसलिए तैयार प्राक्कलन को प्रशासनिक स्वीकृति के लिए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेजा जा रहा है। स्वीकृति प्राप्त होने के बाद मरम्मत एवं पुनर्स्थापन कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। विधायक शुभानंद ने बताया कि स्वीकृति मिलने के बाद करीब डेढ़ माह में कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। पश्चात बड़े वाहनों की आवाजाही होगी।

इस दौरान पुल की मरम्मत के दौरान यात्रियों और वाहन चालकों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए प्रशासन ने वाहनों की श्रेणी के अनुसार वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। हल्के वाहनों के लिए भागलपुर जीरोमाइल से घोघा, घोघा मोड़, एसएच-84, दोगच्छी-ताड़र मोड़ होते हुए एनएच-80 के फोरलेन मार्ग से पीरपैंती जाने की व्यवस्था की गई है।
इसी प्रकार पीरपैंती से भागलपुर की ओर आने वाले हल्के वाहन पीरपैंती से एनएच-80 फोरलेन (जीरोमाइल), दोगच्छी-ताड़र मोड़, एसएच-84, घोघा मोड़ और घोघा होते हुए भागलपुर पहुंच सकेंगे।
भारी वाहनों के परिचालन को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई है। इनके लिए भागलपुर बाईपास, जगदीशपुर, सन्हौला चौक, हनवारा, नयानगर, महगामा, ललमटिया और बाराहाट होते हुए पीरपैंती तक वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।
पीरपैंती से भागलपुर जीरोमाइल की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए पीरपैंती – बाराहाट – ललमटिया – महगामा (केचुआ चौक) – कोतवाली – जगदीशपुर – एनएच-80 भागलपुर बाईपास पथ – नयानगर – हनवारा – सन्हौला चौक मार्ग निर्धारित किया गया है।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और संभावित जाम की स्थिति से बचने के लिए भारी वाहनों के परिचालन का समय भी निर्धारित किया गया है। भारी वाहनों का परिचालन रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक ही किया जाएगा। प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित समय और वैकल्पिक मार्ग का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की है।
यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों की जानकारी देने और उन्हें रास्ता बदलने में परेशानी नहीं हो, इसके लिए जिला प्रशासन तथा संबंधित विभाग की ओर से प्रमुख स्थानों पर आवश्यक दिशा-सूचक बोर्ड और यातायात संकेतक लगाए जा रहे हैं। यातायात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को भी व्यवस्था पर नजर रखने तथा यात्रियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि कौआ नदी पुल पर लगाए गए यातायात प्रतिबंध को देखते हुए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें। किसी भी प्रकार की असुविधा या जाम से बचने के लिए वाहन चालक यातायात पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
मरम्मत पूरी होने के बाद सामान्य होगा आवागमन
पथ निर्माण विभाग के अनुसार पुल की मरम्मत और आवश्यक सुरक्षा कार्य को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। संबंधित पदाधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। मरम्मत एवं सुरक्षा संबंधी कार्य पूर्ण होने और पुल को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही इस मार्ग पर सामान्य यातायात बहाल किया जाएगा।
पुल पर यातायात प्रतिबंध का उद्देश्य आवागमन रोकना नहीं, बल्कि मरम्मत कार्य के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वैकल्पिक मार्गों के उपयोग से यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी।
















