


बिसुबाबा स्थान चौक के पास दर्दनाक हादसा; तेतरी जीरोमाइल से आ-जा रहे थे चारों युवक
दो परिवारों के बुझ गए चिराग
नवगछिया पुलिस जिला के परबत्ता थाना क्षेत्र के बिसुबाबा स्थान चौक के समीप सोमवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जबरदस्त टक्कर में दो युवकों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और चारों युवक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। सड़क पर चारों युवक खून से लथपथ पड़े थे। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और परबत्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
मृतकों की पहचान यमुनिया गांव निवासी सियाराम साह के 45 वर्षीय पुत्र मोहन साह तथा मोहम्मद कुदो के पुत्र मोहम्मद बबलू के रूप में हुई है। वहीं घायलों में मोहम्मद सदीक के पुत्र मोहम्मद ताजीम और कृष्णा यादव उर्फ किसो यादव के पुत्र अनमोल कुमार शामिल हैं। चारों युवक एक ही गांव यमुनिया के रहने वाले हैं।

सामने से आ रही दोनों बाइक की हुई सीधी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोमवार शाम चारों युवक दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर तेतरी जीरोमाइल की ओर गए थे। एक अपाचे बाइक पर मोहन साह के साथ अनमोल कुमार सवार थे, जबकि दूसरी पल्सर बाइक पर मोहम्मद बबलू के साथ मोहम्मद ताजीम थे। बताया जा रहा है कि दोनों बाइक विपरीत दिशा से आ रही थीं। बिसुबाबा स्थान चौक के समीप दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं। इसी दौरान किसी कारणवश दोनों चालकों का संतुलन बिगड़ गया और दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। चारों युवक सड़क पर दूर-दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने तत्काल दौड़कर घायलों को संभाला, लेकिन तब तक मोहन साह और मोहम्मद बबलू की सांसें थम चुकी थीं। वहीं अनमोल कुमार और मोहम्मद ताजीम गंभीर रूप से घायल होकर दर्द से कराह रहे थे।
घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी, लोगों की उमड़ी भीड़
हादसे के बाद कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने घायल युवकों को संभालने के साथ यातायात भी नियंत्रित किया। सूचना मिलने पर डायल-112 और परबत्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में मचा कोहराम
अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया में जैसे ही हादसे की सूचना पहुंची, मृतकों और घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंचने लगे। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और विलाप से माहौल गमगीन हो गया। डॉक्टरों ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर परिजनों को सौंप दिया।
फेरी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे मोहन
हादसे में जान गंवाने वाले मोहन साह बेहद मेहनती और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। वह गांव-गांव घूमकर फेरी के माध्यम से कपड़े बेचते थे। इसी व्यवसाय से वह अपने पूरे परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके निधन से परिवार पर आर्थिक संकट भी गहरा गया है। हादसे की खबर मिलते ही उनका पुत्र आर्यन साह अस्पताल पहुंचा। पिता का शव देखते ही वह फूट-फूटकर रोने लगा। उसकी चीखें सुन वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
रविवार को ही मुंबई से लौटा था बबलू
दूसरे मृतक मोहम्मद बबलू मुंबई में रहकर मकानों की पेंटिंग का काम करते थे। परिवार की आजीविका चलाने के लिए वह लंबे समय से मुंबई में मजदूरी कर रहे थे। परिजनों ने बताया कि वह रविवार को ही मुंबई से अपने घर लौटे थे। परिवार के साथ समय बिताने के बाद सोमवार को वह अपने दोस्त मोहम्मद ताजीम के साथ बाइक से तेतरी जीरोमाइल गए थे। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि घर लौटते समय उनकी जिंदगी का सफर हमेशा के लिए खत्म हो जाएगा।
बबलू की मौत की खबर सुनते ही उनकी पत्नी रविना खातून बेसुध हो गईं। उन्हें संभालना मुश्किल हो गया। उनके तीन मासूम बच्चे मु. सन्नो, मु. सुफियान और रुश्दा खातून पिता की मौत से बदहवास होकर रोते रहे। परिवार के लोगों की चीख-पुकार से पूरा अस्पताल परिसर गमगीन हो गया।
पूरे गांव में पसरा मातम
इस हादसे ने यमुनिया गांव के चार परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। दो परिवारों के कमाऊ सदस्य हमेशा के लिए दुनिया छोड़ गए, जबकि दो अन्य परिवार घायल युवकों की जिंदगी बचाने के लिए दुआ कर रहे हैं। गांव में घटना की सूचना फैलते ही मातम छा गया। कई घरों में चूल्हा नहीं जला। ग्रामीण मृतकों के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाते रहे।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
परबत्ता थाना पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण तेज रफ्तार और संतुलन बिगड़ना प्रतीत हो रहा है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। वहीं स्थानीय लोगों ने बिसुबाबा स्थान चौक के आसपास वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने, चेतावनी संकेत लगाने और नियमित वाहन जांच अभियान चलाने की मांग प्रशासन से की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
















