


@ सुल्तानगंज स्टेशन पर कांवरियों के बीच रेलवे का ‘मोबाइल टिकट काउंटर’, एम-यूटीएस से मौके पर ही कट रहा अनारक्षित टिकट। स्मार्टफोन, टैबलेट और ब्लूटूथ प्रिंटर से स्टेशन परिसर में टिकटिंग – डिजिटल से लेकर नकद भुगतान तक की सुविधा, रेलवे कर्मी श्रद्धालुओं की कर रहे मदद।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। कंधे पर कांवर, जुबान पर ‘बोल बम’ और मंजिल बाबा बैद्यनाथ धाम। सावन के चरम दौर में जब सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर कांवरियों की भीड़ उमड़ रही है, उसी समय टिकट के लिए लंबी कतार में खड़े रहने की परेशानी कम करने के लिए रेलवे ने तकनीक को मैदान में उतार दिया है।
अब सुल्तानगंज स्टेशन पर यात्रियों को अनारक्षित टिकट के लिए सिर्फ स्थायी टिकट काउंटर पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। एम-यूटीएस मोबाइल टिकटिंग सुविधा के जरिए स्टेशन परिसर में ही मौके पर टिकट उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। यानी जहां यात्री मौजूद हैं, वहीं रेलवे कर्मचारी मोबाइल डिवाइस और प्रिंटर के जरिए टिकट की सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं।
स्टेशन परिसर में ‘चलता-फिरता टिकट काउंटर’:
एम-यूटीएस व्यवस्था की खासियत यह है कि टिकट लेने के लिए यात्री को अनिवार्य रूप से किसी एक काउंटर तक पहुंचने की जरूरत नहीं है। अधिकृत रेलवे कर्मचारी स्मार्टफोन या टैबलेट और ब्लूटूथ-सक्षम प्रिंटर के साथ स्टेशन परिसर में यात्रियों के बीच मौजूद रहेंगे।
यात्री अपनी जरूरत बताता है और मौके पर ही अनारक्षित टिकट जारी किया जा सकता है।
इससे खासकर उन कांवरियों को राहत मिलने की उम्मीद है जो लंबी यात्रा के बाद सुल्तानगंज पहुंचते हैं और आगे की यात्रा के लिए ट्रेन पकड़ने से पहले टिकट की जद्दोजहद में समय गंवाते हैं।
मोबाइल टिकटिंग व्यवस्था को सिर्फ डिजिटल भुगतान तक सीमित नहीं रखा गया है। यात्रियों को डिजिटल भुगतान के साथ नकद भुगतान से भी टिकट लेने की सुविधा दी जा रही है।
यानी जिन यात्रियों के पास ऑनलाइन भुगतान की सुविधा या उसकी जानकारी है, वे डिजिटल माध्यम से भुगतान कर सकते हैं। वहीं, डिजिटल टिकटिंग से अनजान या असहज यात्रियों के लिए रेलवे कर्मचारी मौके पर ही पूरी प्रक्रिया में सहायता कर रहे हैं।
मेला अधिकारी, पर्यवेक्षक और रेलवे कर्मचारी स्टेशन परिसर में श्रद्धालुओं को एम-यूटीएस सुविधा के इस्तेमाल की जानकारी दे रहे हैं। खासकर बुजुर्ग और ऐसे यात्री जो मोबाइल टिकटिंग से परिचित नहीं हैं, उन्हें मौके पर टिकट बुक करने में सहयोग दिया जा रहा है।
श्रावणी मेला के चरम तीर्थयात्रा काल में टिकटिंग व्यवस्था सुचारु रहे, इसके लिए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/मालदा कार्तिक सिंह ने सोमवार को सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पहुंचकर यात्री सुविधाओं और टिकटिंग व्यवस्था का निरीक्षण किया।
उन्होंने मौके पर मौजूद मेला अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और रेलवे कर्मचारियों से व्यवस्था की जानकारी ली तथा श्रद्धालुओं को एम-यूटीएस के माध्यम से तत्काल टिकट उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की निगरानी की।
मंडल रेल प्रबंधक, मालदा मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में शुरू की गई इस व्यवस्था का उद्देश्य मेले के दौरान यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और परेशानी-मुक्त यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है।

















