


मुख्य यजमान बने नगर परिषद सभापति प्रतिनिधि प्रेम सागर उर्फ डब्लू यादव, वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ विशेष रुद्राभिषेक; देर रात तक गूंजते रहे शिवभजन
नवगछिया। सावन मास की दूसरे सोमवारी पर नवगछिया के गोपाल गौशाला स्थित श्री श्री 108 जगतपति नाथ महादेव मंदिर में सोमवार को श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। अहले सुबह से ही मिनी डाक बम, कांवरियों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं की लंबी कतार मंदिर परिसर में लगी रही। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का गंगाजल, दूध, दही, शहद, बेलपत्र, धतूरा एवं पुष्प अर्पित कर जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि तथा राज्य की खुशहाली की कामना की। पूरे दिन मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से गूंजता रहा।

दूसरे सोमवारी के अवसर पर आयोजित विशेष पूजन में नवगछिया नगर परिषद के सभापति प्रतिनिधि प्रेम सागर उर्फ डब्लू यादव मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ भगवान शिव का रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और विकास की कामना की।
मंदिर के पुजारी पंडित रंजन बाबा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई, जबकि पंडित अजीत बाबा ने शास्त्रोक्त विधि-विधान से सभी धार्मिक अनुष्ठानों का संचालन कराया। भगवान भोलेनाथ का आकर्षक श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन के लिए देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही।
संध्या आरती के बाद मंदिर परिसर में चंदन म्यूजिकल ग्रुप की ओर से भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश एवं भगवान शिव की वंदना से हुई। इसके बाद एक से बढ़कर एक शिवभजन प्रस्तुत किए गए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
भजन संध्या में डॉ. गोपाल भारती, अशोक सिंह, मिथुन महुआ और प्रीति कुमारी सहित कई प्रसिद्ध गायक-गायिकाओं ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। “बम-बम भोले”, “शिव तांडव”, “भोले बाबा के दरबार” सहित अनेक भक्तिमय गीतों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे और पूरा मंदिर परिसर शिवमय वातावरण में डूबा रहा।
मुख्य यजमान प्रेम सागर उर्फ डब्लू यादव ने कहा कि सावन की सोमवारी भगवान भोलेनाथ की आराधना का सबसे पावन अवसर है। उन्होंने भगवान से नवगछिया क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और विकास की कामना की तथा सभी श्रद्धालुओं को सावन की शुभकामनाएं दीं।
मौके पर श्री श्री 108 जगतपति नाथ महादेव महाशिवरात्रि कमेटी के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, शिवभक्त एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। देर रात तक चले धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन ने पूरे मंदिर परिसर को भक्ति और आस्था के रंग में रंग दिया।
















