5
(2)

भागलपुर। पीरपैंती थाना क्षेत्र के शेरमारी बाजार में दिनदहाड़े एक कपड़ा दुकान में चोरी की वारदात से कारोबारियों में हड़कंप मच गया। चोर ने बड़ी ही शातिराना तरीके से दुकानदार का ध्यान भटकाया और कुछ ही मिनटों में दुकान के काउंटर से नकदी व पर्स लेकर फरार हो गया। दुकानदार के अनुसार चोरी गए नकद, पर्स और उसमें रखे जरूरी दस्तावेजों समेत कुल नुकसान करीब एक लाख रुपये का हुआ है।

पीड़ित दुकानदार मुन्ना चौधरी ने बताया कि वह अपनी कपड़े की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक वीडियो कॉल आया। कॉल रिसीव करने के बाद वह दुकान के अंदर अपनी पत्नी को फोन देने चले गए। इसी बीच एक व्यक्ति दुकान में दाखिल हुआ और मौके का फायदा उठाकर काउंटर खोल लिया।

दुकानदार के अनुसार, आरोपी ने काउंटर में रखी नकदी और उनका पर्स निकाल लिया तथा कुछ ही पलों में वहां से फरार हो गया। जब वह वापस काउंटर पर पहुंचे तो काउंटर खुला हुआ था और पर्स गायब था। इसके बाद उन्हें चोरी की जानकारी हुई।

मुन्ना चौधरी ने बताया कि पर्स में नकदी के अलावा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी रखे हुए थे। घटना का पता चलते ही उन्होंने आसपास के लोगों के साथ चोर की तलाश की, लेकिन तब तक वह फरार हो चुका था।

दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद शेरमारी बाजार के दुकानदारों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले बाजार में इस तरह की वारदात सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।

घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। दुकानदार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी की पहचान करने और चोरी गई नकदी व सामान बरामद करने की मांग की है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सकेगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: