


नवगछिया। परबत्ता थाना क्षेत्र के राघोपुर गांव में शराब के नशे में हंगामा कर रहे एक युवक को समझाना उसके ही भाई को महंगा पड़ गया। आरोप है कि समझाने से नाराज युवक ने लाठी-डंडे से हमला कर अपने भाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घायल की पहचान चंदन कुमार, पिता देवेंद्र मंडल, के रूप में हुई है। वहीं मारपीट का आरोप उसके भाई बंटी कुमार, पिता देवेंद्र मंडल, पर लगाया गया है।
परिजनों के अनुसार, बंटी कुमार शराब के नशे में गांव में हंगामा कर रहा था। इसी दौरान उसके भाई चंदन कुमार ने उसे समझाने और शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर बंटी ने आपा खो दिया और लाठी-डंडे से चंदन पर हमला कर दिया।
हमले में चंदन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया।
घटना की सूचना परबत्ता थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दोनों पक्षों से घटना की जानकारी ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्राप्त आवेदन एवं जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि शराब के नशे में होने वाले विवाद लगातार सामाजिक और पारिवारिक तनाव का कारण बन रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
















