


नवगछिया । पुलिस जिला नवगछिया के अंतर्गत गोपालपुर थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त एक बिना पंजीकरण नंबर की मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त को गोपालपुर थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति तिनटंगा करारी से सुकटिया बाजार की ओर अवैध विदेशी शराब लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुकटिया बाजार मोड़ पर वाहन जांच अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में वाहन सवार के पास मौजूद एक झोले से कुल 12 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। मौके से पुलिस ने रतनगंज निवासी गौरव कुमार (पिता–रामचंद्र साह), थाना गोपालपुर, जिला भागलपुर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथ मौजूद एक विधि विरुद्ध बालक को विधि अनुसार निरुद्ध किया गया।
पुलिस ने बताया कि बरामद शराब, मोटरसाइकिल एवं अन्य आवश्यक साक्ष्यों को जब्त कर लिया गया है। इस मामले में गोपालपुर थाना कांड संख्या 281/26 दर्ज कर बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
















