


भागलपुर। मुंगेर जिले में सावन के दौरान बाबा बैद्यनाथ को जल चढ़ाने देवघर जा रहे छत्तीसगढ़ के 29 वर्षीय कांवरिया की कच्चे कांवरिया पथ पर अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना मंगलवार रात मनिया मोड़ के समीप की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, दुर्ग जिले के गया नगर निवासी मनी चंद्रा 35 कांवरियों के जत्थे के साथ 10 अगस्त को सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर पैदल देवघर के लिए निकले थे। यात्रा के दौरान उनके सीने में अचानक तेज दर्द उठा। साथियों ने उन्हें तत्काल पास के अस्थायी स्वास्थ्य शिविर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर हृदयाघात की आशंका जताई गई है।
घटना के बाद कांवरियों के जत्थे में शोक की लहर दौड़ गई। बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलाभिषेक की उम्मीद लेकर निकले मनी चंद्रा की यात्रा देवघर पहुंचने से पहले ही थम गई।
















