


पूर्णिया : स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत मिल्लिया फखरूद्दीन अली अहमद बी.एड. टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, रामबाग, पूर्णिया में गुरुवार को वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान में महाविद्यालय के प्राचार्य, सहायक प्राध्यापकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों एवं दोनों सत्रों के प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।
दिनभर चले इस अभियान के दौरान स्थानीय जलवायु एवं पर्यावरण के अनुकूल पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की भागीदारी विशेष रूप से सराहनीय रही। वृक्षारोपण के माध्यम से उन्हें पर्यावरण संरक्षण का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ तथा प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर मिला।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शहबाज रिजवी ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। ये न केवल वातावरण को शुद्ध करते हैं, बल्कि जलवायु संतुलन बनाए रखने, जैव विविधता के संरक्षण तथा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
प्राचार्य ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों की जिम्मेदारी केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक एवं पर्यावरणीय दायित्वों के प्रति जागरूकता विकसित करना भी है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाते हैं और उन्हें पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करते हैं।
वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने में डॉ. मुरलीधर कुमार, पंकज कुमार जोशी, ध्रुव कुमार, कमलेश कुमार, प्रवीण कुमार सिंह, राजीव कुमार, सौरभ कुमार, अंसारूल हक, शादाब कौशर, मो. सफीर अहमद, सूरज कुमार सहित शिक्षकेत्तर कर्मियों एवं छात्र-छात्राओं ने सक्रिय योगदान दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
















