3
(2)

परिजनों ने महिला के फोन पर बुलाने का लगाया आरोप; पुलिस सभी पहलुओं पर जांच में जुटी

नवगछिया थाना क्षेत्र के पकरा पंचायत स्थित रामधारी सिंह उच्च विद्यालय, पकरा के मैदान के पीछे पीसीसी सड़क के समीप झाड़ी में गुरुवार की शाम अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राहुल कुमार (30 वर्ष), पिता बरूण राय, निवासी तेतरी दक्षिणबारी टोला के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया।

परिजनों के अनुसार, राहुल कुमार गुरुवार की शाम करीब 5:30 बजे घर से बाइक लेकर निकले थे। बताया जा रहा है कि वह तेतरी दुर्गा मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। इसी दौरान पकरा स्थित विद्यालय मैदान के पीछे पीसीसी सड़क पर पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया और उनके सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही राहुल कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उनकी बाइक सड़क किनारे गिरी हुई मिली।

मृतक के बड़े भाई मिक्की राय ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उनके भाई को दौनिया टोला, पकरा निवासी सिंटू कुमार की पत्नी सोनी देवी ने फोन कर घर से बुलाया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि गोलीबारी की घटना के बाद सबसे पहले फोन कर सूचना भी सोनी देवी ने ही दी। परिजनों ने पुलिस से इस बिंदु पर गहन जांच की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, एसडीपीओ अनिकेत अमर तथा नवगछिया थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। बाद में फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से खून के नमूने सहित अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। जांच पूरी होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया।

घटनास्थल पर मृतक की पत्नी विभा देवी तथा मां चंचल देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजन विलाप करते हुए कुछ लोगों के नाम लेकर हत्या का आरोप लगा रहे थे। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।

राहुल कुमार अपने परिवार में दो भाइयों में छोटे थे। उनके बड़े भाई का नाम मिक्की राय है। राहुल अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र अंकित कुमार और एक पुत्री आरोही कुमारी को छोड़ गए हैं। घटना के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजन भी खुले तौर पर घटना के कारणों पर कुछ नहीं बोल रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्यों और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 3 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: