5
(2)

पूर्णिया । जिला भाजपा कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम में पूर्णिया सदर के विधायक विजय खेमका ने भारत विभाजन की त्रासदी में जान गंवाने वाले लाखों निर्दोष भारतीयों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें स्मरण किया। इस अवसर पर उन्होंने विभाजन के दौरान विस्थापन, हिंसा और पीड़ा का सामना करने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इतिहास से सीख लेने और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने का आह्वान किया।

विधायक विजय खेमका ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस देश के इतिहास के उस दर्दनाक अध्याय को याद करने का अवसर है, जिसमें लाखों लोगों को अपने घर-परिवार और जन्मभूमि से विस्थापित होना पड़ा। उन्होंने कहा कि विभाजन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की जान गई और करोड़ों लोगों के जीवन पर इसका गहरा प्रभाव पड़ा। अनेक परिवारों को अमानवीय परिस्थितियों का सामना करना पड़ा और माताओं-बहनों को भीषण पीड़ा झेलनी पड़ी।

विधायक ने कहा कि विभाजन की त्रासदी से देश को महत्वपूर्ण सबक लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाने की घोषणा का उद्देश्य नई पीढ़ी को उस दौर की घटनाओं और पीड़ा से अवगत कराना तथा भविष्य में ऐसी परिस्थितियों की पुनरावृत्ति नहीं होने देने के प्रति समाज को जागरूक करना है।

विधायक ने अपने संबोधन में तत्कालीन राजनीतिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस नेतृत्व और मुस्लिम लीग की विभाजनकारी राजनीति को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि सत्ता की राजनीति और तुष्टिकरण की नीतियों के कारण देश के समक्ष गंभीर परिस्थितियां उत्पन्न हुईं, जिसका परिणाम भारत विभाजन के रूप में सामने आया। उन्होंने कहा कि विभाजन के कारण लाखों भारतीयों की जान गई और करीब डेढ़ करोड़ लोग विस्थापित हुए।

विजय खेमका ने कहा कि वर्तमान समय में भी परिवारवाद, तुष्टिकरण तथा जाति, धर्म और क्षेत्र के आधार पर समाज को बांटने की राजनीति देश के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए भ्रम और असंतोष का वातावरण तैयार करने के बजाय सभी राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों को राष्ट्रहित को प्राथमिकता देनी चाहिए।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और अखंडता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आम लोगों के बीच सही तथ्यों और इतिहास की जानकारी पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि देश की मजबूती के लिए समाज में आपसी भाईचारा और विश्वास बनाए रखना आवश्यक है।

कार्यक्रम के बाद ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भाजपा नगर मध्य मंडल की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा भी निकाली गई। विधायक विजय खेमका ने कार्यकर्ताओं और आम लोगों के साथ इस तिरंगा यात्रा में भाग लिया। यात्रा शहर के महबूब खां टोला स्थित मां काली मंदिर से शुरू होकर बाबू वीर कुंवर सिंह स्मारक तक पहुंची।

तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर लोगों ने देशभक्ति का संदेश दिया। यात्रा के दौरान राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम की भावना देखने को मिली। कार्यकर्ताओं एवं आमजनों ने उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा में भाग लेते हुए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा की ओर से विभाजन की त्रासदी में पीड़ित लोगों को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ आम लोगों को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और देश की अखंडता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: