5
(3)

नवगछिया। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत केंद्र सरकार की सब्सिडी के अतिरिक्त बिहार सरकार की ओर से राज्य अनुदान देने की घोषणा का जनता दल (यू) के युवा नेता रवि कुमार ने स्वागत किया है। उन्होंने इस पहल के लिए ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल को बधाई देते हुए कहा कि बिहार सरकार का यह निर्णय राज्य के लाखों परिवारों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने वाला महत्वपूर्ण कदम है।

रवि कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत केंद्र सरकार की ओर से एक किलोवाट क्षमता के सोलर सिस्टम पर 30 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 60 हजार रुपये तथा तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जाती है। अब इसके अतिरिक्त बिहार सरकार की ओर से 10 हजार रुपये प्रति किलोवाट की दर से अधिकतम 20 हजार रुपये प्रति उपभोक्ता राज्य अनुदान दिए जाने की घोषणा की गई है। इसके अनुसार एक किलोवाट के सोलर सिस्टम पर केंद्र और राज्य सरकार की ओर से मिलाकर कुल 40 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 80 हजार रुपये तथा तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर अधिकतम 98 हजार रुपये तक की सहायता मिल सकती है।

उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की ओर से दी जा रही यह संयुक्त सहायता आम परिवारों के लिए सोलर पैनल लगवाने को अधिक सुलभ बनाएगी। घरों की छत पर सोलर पैनल लगने से परिवार अपनी बिजली की जरूरत का एक बड़ा हिस्सा स्वयं पूरा कर सकेंगे, जिससे बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आने की संभावना है। इसके साथ ही स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा तथा आने वाले वर्षों में परिवारों पर बिजली खर्च का बोझ कम करने में मदद मिलेगी।

रवि कुमार ने कहा कि बिहार जैसे राज्य में सौर ऊर्जा की व्यापक संभावनाएं हैं और सरकार की ओर से अतिरिक्त अनुदान मिलने से आम लोगों के बीच सोलर सिस्टम को लेकर रुचि और बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।

उन्होंने बिहार के आम नागरिकों से अपील की कि जिन परिवारों के पास सोलर पैनल लगाने के लिए उपयुक्त छत और वैध घरेलू बिजली कनेक्शन है, वे प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की पूरी जानकारी प्राप्त कर जल्द आवेदन करें और सरकार की ओर से उपलब्ध सब्सिडी का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि योजना के तहत आवेदन आधिकारिक राष्ट्रीय पोर्टल के माध्यम से किया जाता है।

रवि कुमार ने कहा कि “आज सोलर अपनाने का मतलब केवल बिजली बिल बचाना नहीं, बल्कि अपने परिवार के भविष्य को ऊर्जा के क्षेत्र में सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाना भी है।” उन्होंने कहा कि यदि अधिक से अधिक परिवार सौर ऊर्जा को अपनाते हैं तो इससे न केवल घरेलू बिजली खर्च में कमी आएगी, बल्कि बिहार में स्वच्छ ऊर्जा के इस्तेमाल को भी नई गति मिलेगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 3

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: