


भगवा अंगवस्त्र भेंट कर किया सम्मान, धार्मिक व सामाजिक मुद्दों पर हुई चर्चा
पूर्णिया। विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री श्रीमती लेसी सिंह से उनके पूर्णिया स्थित आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान आशीष गोस्वामी ने संगठन की ओर से मंत्री को भगवा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

मुलाकात के दौरान धार्मिक, सामाजिक एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। मंत्री लेसी सिंह ने संगठन की ओर से किए जा रहे धार्मिक, सामाजिक एवं जनकल्याण के कार्यों की सराहना करते हुए सेवा प्रयासों की प्रशंसा की।
मंत्री ने कहा कि विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ इसी प्रकार धार्मिक, सामाजिक एवं जनकल्याण के सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाता रहे। समाजहित में किए जा रहे सेवा कार्यों में सरकार का सहयोग बना रहेगा और संगठन को आवश्यकता होने पर सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
वहीं, राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक विषयों को लेकर जनप्रतिनिधियों तथा समाज के जिम्मेदार लोगों के साथ सकारात्मक संवाद समय की आवश्यकता है। सनातन संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के साथ समाजहित से जुड़े विषयों पर निरंतर संवाद और सकारात्मक पहल जरूरी है।
उन्होंने कहा कि संगठन आने वाले समय में धार्मिक, सामाजिक एवं जनकल्याण के कार्यों को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाएगा तथा समाजसेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा के साथ निभाता रहेगा।
मौके पर संगठन के राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी राकेश सिंह, विक्की गोस्वामी, वार्ड संख्या 21 के वार्ड अध्यक्ष अनिकेत यादव, पूर्णिया जिला कार्यकारिणी सदस्य सुशील कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















