


नवगछिया । प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालपुर में चार वर्षीय बच्चे को चिकित्सक के पुर्जे के आधार पर सूई लगाने से इनकार करने का मामला सामने आया है। बच्चे के परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात एएनएम रूद्रेश्वरी कुमारी पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को लिखित शिकायत दी है। जानकारी के अनुसार चार वर्षीय देव कुमार, पिता देव कुमार, की माता सीता देवी सोमवार को बच्चे के माथे में चोट लगने के बाद उसे लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं। चिकित्सक ने बच्चे की जांच के बाद पांच दिनों तक सुबह-शाम सूई लगाने की सलाह दी थी। मंगलवार को परिजन चिकित्सक के पुर्जे के साथ बच्चे को सूई दिलाने अस्पताल पहुंचे। आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद एएनएम ने सोमवार के पुर्जे के आधार पर बच्चे को सूई लगाने से इनकार कर दिया। परिजनों का कहना है कि उस समय ओपीडी में भीड़ भी नहीं थी। मामले की जानकारी मिलने पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुधांशु कुमार ने एएनएम को बुलाकर बच्चे को सूई लगाने का निर्देश दिया, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद सूई नहीं दी गई। एएनएम रूद्रेश्वरी कुमारी ने बताया कि वह आकस्मिक ड्यूटी पर थीं। पुराने पुर्जे पर सामान्य मरीज को देखने और सूई लगाने का समय नहीं था। वहीं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुधांशु कुमार ने कहा कि एएनएम के व्यवहार और मरीजों से विवाद की शिकायत पहले भी मिलती रही है। मरीज का इलाज कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने एएनएम के रवैये को असंवेदनशीलता और अनुशासनहीनता का परिचायक बताया। उन्होंने कहा कि परिजनों की लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत से वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए उचित कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।
















