


भगवा अंगवस्त्र भेंट कर किया सम्मान, धार्मिक, सामाजिक एवं जनकल्याण के मुद्दों पर हुई चर्चा
पूर्णिया। विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने संगठन के सदस्यों के साथ बिहार सरकार के भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल से किशनगंज स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान आशीष गोस्वामी ने मंत्री को भगवा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया, जबकि संगठन के सदस्यों ने पुष्पगुच्छ देकर उनका अभिनंदन किया। मुलाकात के दौरान धार्मिक, सामाजिक और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। आशीष गोस्वामी ने संगठन की ओर से समाजहित में किए जा रहे सेवा कार्यों और जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी भी मंत्री को दी।

दिलीप जायसवाल ने संगठन की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आशीष गोस्वामी के नेतृत्व में सीमांचल क्षेत्र में लगातार सेवा और जनकल्याण के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में संगठन जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने के लिए तत्पर रहता है और संकट के समय सीमांचलवासियों की मदद में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन की सक्रियता और जरूरतमंदों तक पहुंचाई जा रही सहायता को सकारात्मक रूप से देखा जा रहा है तथा सरकार भी ऐसे कार्यों पर नजर रख रही है।
आशीष गोस्वामी ने कहा कि धार्मिक और सामाजिक विषयों को लेकर सरकार के मंत्रियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ सकारात्मक संवाद समय की आवश्यकता है। समाजहित से जुड़े मुद्दों को उचित मंच तक पहुंचाकर उनके समाधान की दिशा में प्रयास करना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ धार्मिक, सामाजिक एवं जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए लगातार सक्रिय है और सेवा, सहयोग तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।
मुलाकात के अंत में आशीष गोस्वामी ने मंत्री दिलीप जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका स्नेह, मार्गदर्शन और सहयोग संगठन को लगातार मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन को आवश्यकता पड़ने पर मंत्री ने अपनी व्यस्तता के बावजूद समय देकर मार्गदर्शन किया है। उन्होंने मंत्री के स्वस्थ, सुखमय और दीर्घायु जीवन की कामना की। इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय आईटी सेल प्रभारी नीतीश कुमार, विक्की गोस्वामी, वार्ड संख्या-9 के वार्ड अध्यक्ष महेंद्र दास, पूर्णिया जिला कार्यकारिणी सदस्य सुशील कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।















