5
(1)

चार माह में 2.457 किलो स्मैक की जब्ती, अनुमानित खुदरा बाजार मूल्य 4.914 करोड़ रुपये; जीरोमाइल में 151.390 लीटर शराब के साथ तीन महिलाओं समेत चार गिरफ्तार

पूर्णिया। पूर्णिया जिला मद्यनिषेध विभाग की ओर से मादक पदार्थों और शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को बड़ी कार्रवाई की गई। समेकित जांच चौकी डालखोला पर जांच के दौरान एक व्यक्ति को 200 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामद स्मैक का अनुमानित खुदरा बाजार मूल्य करीब 40 लाख रुपये बताया गया है। विभाग के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त और बरामद मादक पदार्थ को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए बायसी थाना को सौंप दिया गया है।

मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए डालखोला चेकपोस्ट पर लगातार सघन जांच और निगरानी की जा रही है। विभाग की कार्रवाई के परिणामस्वरूप पिछले चार माह में इसी चेकपोस्ट से कुल 2.457 किलोग्राम स्मैक जब्त की जा चुकी है। विभाग के अनुसार मई 2026 में 1.048 किलोग्राम, जून में 0.594 किलोग्राम और अगस्त में 0.815 किलोग्राम स्मैक जब्त की गई। इन सभी जब्तियों को मिलाकर कुल मात्रा 2.457 किलोग्राम है, जिसका अनुमानित खुदरा बाजार मूल्य करीब 4.914 करोड़ रुपये बताया गया है।

इधर, इसी अभियान के तहत 19 अगस्त को मद्यनिषेध थाना सदर की टीम ने जीरोमाइल सड़क किनारे एक टेम्पो की जांच की। जांच के दौरान टेम्पो में सवार तीन महिलाओं द्वारा झोले और अन्य स्थानों में पैरों के नीचे शराब छिपाकर ले जाने का मामला सामने आया। टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों महिलाओं और टेम्पो चालक समेत कुल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। टेम्पो की तलाशी के दौरान 151.390 लीटर विदेशी शराब और बीयर बरामद की गई। मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) एवं 47 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, मद्यनिषेध थाना धमदाहा की टीम ने बनमनखी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को आठ लीटर देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। अभियुक्त के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पूर्णिया जिला मद्यनिषेध विभाग ने मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ अभियान को लगातार जारी रखने की बात कही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: