0
(0)

सफाई, जलनिकासी, सौंदर्यीकरण और निर्माण कार्यों पर हुई चर्चा, लंबित योजनाओं की निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्णय

पूर्णिया। नगर निगम महापौर कार्यालय में गुरुवार को महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, साफ-सफाई व्यवस्था, जलनिकासी, शहर के सौंदर्यीकरण तथा पूर्व में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक की शुरुआत पिछली बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि के साथ हुई। इसके बाद महापौर ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि नगर विकास से संबंधित सभी लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि आम नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर विकास से संबंधित जिन योजनाओं की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उनकी निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी कर टेंडर निकाला जाए, ताकि लंबित विकास कार्यों को गति दी जा सके। समिति ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा नगर निगम में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों के नाम का शिलापट्ट लगाने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में बताया गया कि नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से पूर्व में नगर निगम के कुछ विभागीय एवं अति आवश्यक कार्यों पर लगाई गई रोक अब हटा ली गई है। रोक हटने के बाद नगर निगम में आवश्यक विभागीय कार्यों का निष्पादन पूर्व की तरह किया जा सकेगा। इससे दैनिक एवं जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है। समिति के सदस्यों ने कहा कि विभाग के इस निर्णय से नगर निगम के कार्यों को गति मिलेगी और आम लोगों से जुड़े आवश्यक कार्यों के निष्पादन में सुविधा होगी। इसके लिए पदेन सदस्यों ने नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

बैठक में एचएफए में कथित भ्रष्टाचार की जांच के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा भी पदेन सदस्यों ने उठाया। सदस्यों ने सवाल किया कि जांच पूरी होने के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं की गई है। इस पर उप नगर आयुक्त विजय प्रताप सिंह ने बताया कि फिलहाल एक पक्ष की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। दोनों पक्षों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा शहर के सौंदर्यीकरण, जलनिकासी, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और अन्य विकासपरक योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। समिति ने जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए सभी योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया। बैठक में उप महापौर पल्लवी गुप्ता, उप नगर आयुक्त विजय प्रताप सिंह, पदेन सदस्य ममता सिंह, आशा महतो, कमली देवी, कुमारी खुशबू, स्वपन घोष, सिटी मैनेजर राजेश कुमार झा, प्रधान सहायक उमेश यादव सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: