0
(0)

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में लाभुकों को दी गई आवास निर्माण की जानकारी

नवगछिया। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत गुरुवार को नवगछिया प्रखंड कार्यालय परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की गई। पटना से केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऑनलाइन कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस दौरान मुख्यमंत्री, ग्रामीण आवास विभाग के मंत्री सहित अन्य पदाधिकारी भी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।

इसी क्रम में नवगछिया प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूर्ण रूप से तैयार 10 आवासों के लाभुकों को उनके नए घर की चाबी सौंपी गई। पक्के मकान की चाबी मिलने के बाद लाभुकों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। लंबे समय से पक्के आवास की उम्मीद लगाए परिवारों के लिए यह अवसर खास रहा।

वहीं, योजना के तहत स्वीकृत 20 नए लाभुकों को औपचारिक स्वीकृति पत्र और बधाई पत्र प्रदान किया गया। अधिकारियों ने नए लाभुकों को योजना के तहत मिलने वाले लाभ, आवास निर्माण की प्रक्रिया और निर्धारित नियमों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान नवगछिया बीडीओ पंकज कुमार दास ने लाभुकों को आवास निर्माण से संबंधित तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी देते हुए निर्धारित मापदंड के अनुरूप निर्माण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और निर्माण कार्य को समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने लाभुकों से कहा कि निर्माण के दौरान किसी तरह की परेशानी होने पर संबंधित कर्मियों और अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

अधिकारियों ने लाभुकों को सरकार की ओर से संचालित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी, ताकि पात्र परिवारों को आवास योजना के साथ अन्य सरकारी योजनाओं का भी लाभ मिल सके। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना रहा।

चाबी और स्वीकृति पत्र मिलने के बाद लाभुकों ने खुशी जताई। अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। नवगछिया प्रखंड में पूर्ण हो चुके आवासों के लाभुकों को चाबी सौंपने के साथ ही नए लाभुकों को भी आवास निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ा गया है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: