


नवगछिया के रंगरा प्रखंड भवन के सभागार में गुरुवार को प्रखंड स्तरीय कार्यान्वयन समिति (बीस सूत्री) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष भोला मंडल ने की, जबकि संचालन सचिव-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रियंका कुमारी ने किया। बैठक में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान, विभागीय कार्यों की प्रगति और जनहित से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान कई पदाधिकारियों की अनुपस्थिति पर सदस्यों ने नाराजगी जताई। सांसद प्रतिनिधि ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि बैठक में अनुपस्थित सभी पदाधिकारियों से कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा जाए। साथ ही बैठक में उठाए गए सभी जनसमस्याओं और अन्य मुद्दों पर संबंधित विभागों से लिखित जवाब प्राप्त कर अगली बीस सूत्री बैठक में अध्यक्ष और समिति के सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि कार्यवाही की प्रति उपलब्ध कराई जाए, ताकि उसे सांसद को सौंपकर प्रखंड क्षेत्र की समस्याओं, जनसुझावों और प्रशासनिक स्तर पर अब तक हुई प्रगति से अवगत कराया जा सके। सदस्यों ने जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन और विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
बैठक में समिति के उपाध्यक्ष गौरव कुमार सिंह, प्रखंड प्रमुख संजीव कुमार उर्फ मोती यादव, उप प्रमुख सह सदस्य दिवाकर सिंह, अखिलेश सिंह निषाद, व्यास जी दास, मनोज मंडल, रवि रंजन, विक्रम सिंह, उमेश चंद्र पटेल, पायल कुमारी और ममता कुमारी सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे। अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और उनके प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया।
















