


पूर्णिया। बिहार इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी (BEU), पटना की ओर से 3rd एवं 5th सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम जारी किया गया है। परीक्षा परिणाम में मिल्लिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, रामबाग, पूर्णिया के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम रोशन किया है। दोनों सेमेस्टर में विद्यार्थियों ने बेहतर SGPA हासिल कर अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
3rd सेमेस्टर में कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग विभाग की मेहर अंजुम ने 7.68 SGPA प्राप्त कर कॉलेज में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, सिविल इंजीनियरिंग विभाग के लकी कुमार ने 7.60 SGPA के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग विभाग के मनीष कुमार ने 7.52 SGPA के साथ कॉलेज में तृतीय स्थान हासिल किया।
5th सेमेस्टर में भी विद्यार्थियों का प्रदर्शन शानदार रहा। कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग विभाग के मेहर हसन ने 8.96 SGPA प्राप्त कर कॉलेज में प्रथम स्थान हासिल किया। सिविल इंजीनियरिंग विभाग की पुष्पलता कुमारी ने 8.57 SGPA के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि अफशान जबी ने 8.38 SGPA के साथ तृतीय स्थान हासिल किया।

विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से संस्थान में खुशी का माहौल है। संस्थान के प्रिंसिपल डॉ. साकिब शकील ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
डॉ. साकिब शकील ने कहा कि मिल्लिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, रामबाग, पूर्णिया विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी सफल छात्र-छात्राओं से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और निरंतर मेहनत करने की अपील की।
अपनी सफलता को लेकर विद्यार्थियों ने बताया कि नियमित पढ़ाई, कड़ी मेहनत, समय का सही प्रबंधन और शिक्षकों का निरंतर मार्गदर्शन उनकी सफलता में महत्वपूर्ण रहा। विद्यार्थियों ने कॉलेज के शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विषयों को बेहतर ढंग से समझाने, परीक्षा की तैयारी कराने और कठिन विषयों में उचित मार्गदर्शन देने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
विद्यार्थियों ने कहा कि उनकी सफलता केवल उनकी मेहनत का परिणाम नहीं है, बल्कि अभिभावकों की दुआओं, शिक्षकों के मार्गदर्शन और संस्थान के सहयोग का भी परिणाम है। उन्होंने कॉलेज के अन्य छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने, शिक्षकों के मार्गदर्शन का लाभ उठाने तथा अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करने का संदेश दिया।
विद्यार्थियों की शानदार सफलता पर प्रिंसिपल, सभी विभागाध्यक्षों एवं शिक्षकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संस्थान परिवार ने कहा कि विद्यार्थियों का यह प्रदर्शन एमआईटी रामबाग, पूर्णिया की शैक्षणिक गुणवत्ता तथा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की संयुक्त मेहनत को दर्शाता है।
















