


सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी, अग्निशमन उपकरण और रख-रखाव का लिया जायजा
पूर्णिया । जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी श्री अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) ने शनिवार को समाहरणालय परिसर स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस में रखे ईवीएम/वीवीपैट के रख-रखाव के साथ-साथ सुरक्षा एवं व्यवस्थागत सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने वेयरहाउस में विद्युतीकरण, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, अग्निशमन यंत्रों तथा अन्य सुरक्षा उपकरणों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों से वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था और ईवीएम/वीवीपैट के सुरक्षित रख-रखाव को लेकर आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

जिला पदाधिकारी ने वेयरहाउस परिसर में पर्याप्त साफ-सफाई एवं व्यवस्थित रख-रखाव सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लगातार प्रभावी बनाए रखने के साथ-साथ अग्निशमन उपकरणों की कार्यशीलता नियमित रूप से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी ने ईवीएम/वीवीपैट के सुरक्षित एवं समुचित रख-रखाव तथा वेयरहाउस में उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं पर संतोष एवं प्रसन्नता व्यक्त की।
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी संजुला कुमारी सहित संबंधित अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
















