


नवगछिया। तिनटंगा करारी गांव में शनिवार सुबह चापाकल पर मुंह धोने जा रही एक युवती को सांप ने डंस लिया। सांप के डंसते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। बेटी की हालत बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पिता पंकज कुमार उसे तत्काल इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया लेकर पहुंचे। हैरानी की बात यह रही कि पंकज कुमार सांप को भी पकड़कर जिंदा अवस्था में अस्पताल ले आए।
अस्पताल पहुंचते ही मचा हड़कंप
अस्पताल परिसर में जिंदा सांप को देखकर मरीजों और उनके परिजनों के बीच हड़कंप मच गया। कुछ देर के लिए अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। लोगों की भीड़ सांप को देखने के लिए जुट गई।
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, सांप की पहचान रसल वाइपर के रूप में हुई है। परिजन सांप को साथ लेकर अस्पताल पहुंचे, जिससे चिकित्सकों को सांप की पहचान करने में भी मदद मिली।

अंशु कुमारी का चल रहा इलाज
सांप के डंसने के बाद अंशु कुमारी को अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है। घटना के बाद परिवार के लोग भी काफी चिंतित रहे।
सांप को जिंदा पकड़कर अस्पताल लाने की घटना ने अस्पताल में मौजूद लोगों को भी हैरान कर दिया। वहीं, चिकित्सकों के लिए सांप की पहचान हो जाने से उपचार में आवश्यक निर्णय लेने में मदद मिली।
















