


मुख्य सड़क पर करीब तीन फीट पानी, श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी; घाट को बंद करने की बन रही स्थिति
भागलपुर। गंगा नदी के जलस्तर में तेजी से हो रही वृद्धि के कारण भागलपुर जिले में बाढ़ का खतरा बढ़ता जा रहा है। सुल्तानगंज में गंगा नदी खतरे के निशान से करीब डेढ़ मीटर ऊपर बह रही है। बढ़ते जलस्तर का असर अब गंगा घाटों और आसपास के इलाकों में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है।

प्रसिद्ध अजगैबीनाथ गंगा घाट पूरी तरह जलमग्न हो चुका है। इसके बाद गंगा का पानी तेजी से नमामि गंगे घाट की ओर फैल रहा है। स्थिति यह है कि नमामि गंगे घाट की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर करीब तीन फीट पानी बह रहा है। इसके बावजूद श्रद्धालु पानी के बीच से ही आवाजाही करने को मजबूर हैं।
बढ़ते जलस्तर के कारण नमामि गंगे घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाए गए रजिस्ट्रेशन काउंटर और स्वास्थ्य शिविर सहित आसपास की कई दुकानों में भी गंगा का पानी प्रवेश कर गया है। इससे प्रशासन के साथ स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि गंगा के जलस्तर में वृद्धि का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए नमामि गंगे घाट को पूरी तरह बंद करना पड़ सकता है। प्रशासन की ओर से भी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
















