


राहत-बचाव कार्य में तेजी के निर्देश, लापता मजदूरों की तलाश में जुटीं टीमें
नवगछिया। नवगछिया अनुमंडल के राघोपुर तटबंध पर मरम्मत एवं सुरक्षा कार्य के दौरान मजदूरों से भरी नाव के गंगा नदी में पलटने की घटना पर बिहार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने गहरी चिंता और दुख व्यक्त किया है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों से घटना की जानकारी ली तथा राहत एवं बचाव कार्य में पूरी तत्परता बरतने के निर्देश दिए।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ एवं स्थानीय प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत और बचाव अभियान में जुटी हैं। लापता मजदूरों की तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हादसे के बाद कुछ मजदूरों को सुरक्षित बचा लिया गया है। वहीं, लापता श्रमिकों को सकुशल खोजने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रशासन एवं राहत-बचाव दल की ओर से हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव अभियान में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने देने तथा आवश्यक संसाधनों के साथ अभियान जारी रखने को कहा।

बुलो मंडल ने कहा कि राघोपुर तटबंध पर हुई यह घटना अत्यंत दुखद, पीड़ादायक और चिंताजनक है। हादसे की जानकारी से वे बेहद व्यथित हैं। उन्होंने प्रभावित मजदूरों एवं उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में सरकार और प्रशासन प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है।
उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि लापता सभी श्रमिक जल्द से जल्द सकुशल मिलें और राहत-बचाव अभियान सफल हो। उन्होंने अधिकारियों से सर्च ऑपरेशन को लगातार जारी रखने तथा घटनास्थल की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने को कहा।
प्रभावित परिवारों की मदद प्राथमिकता : प्रशांत कन्हैया
वहीं, जदयू नेता प्रशांत कन्हैया ने भी राघोपुर तटबंध हादसे को अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताया। उन्होंने कहा कि घटना के बाद आपदा विभाग की टीम और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है और लापता मजदूरों की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।
प्रशांत कन्हैया ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सभी की प्राथमिकता लापता मजदूरों को जल्द से जल्द सकुशल खोज निकालना है। इसके साथ ही प्रभावित मजदूरों एवं उनके परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि राहत-बचाव दल लगातार अभियान चला रहा है और उम्मीद है कि लापता श्रमिकों के संबंध में जल्द सकारात्मक जानकारी मिलेगी।
राघोपुर तटबंध हादसे के बाद घटनास्थल पर प्रशासनिक एवं आपदा राहत टीमों की सक्रियता बनी हुई है। लापता मजदूरों की तलाश को लेकर सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
















