


नवगछिया। गोपालपुर थाना क्षेत्र के विशु बाबा स्थान के पास बुधवार को बाइक और टोटो की टक्कर में एक युवक घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची गोपालपुर थाना की गश्ती टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को महज 10 मिनट के अंदर अस्पताल पहुंचाया। समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने से घायल युवक को इलाज मिल सका।

घायल युवक की पहचान नारायणपुर निवासी नीतीश कुमार, पिता फुदो मंडल के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार नीतीश कुमार बाइक से अकेले नवगछिया से नारायणपुर स्थित चंडी स्थान जा रहे थे। इसी दौरान विशु बाबा स्थान के समीप उनकी बाइक की टोटो से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद नीतीश कुमार सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों की मौके पर भीड़ जुटने लगी। इसी बीच घटना की सूचना गोपालपुर थाना की गश्ती टीम को मिली। सूचना मिलते ही गश्ती दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा और घायल युवक की स्थिति को देखते हुए बिना समय गंवाए उसे अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
गश्ती में तैनात मो. वारिश खान, चालक रविंद्र कुमार, बीएचजी अभिनंदन कुमार, पुंकेश कुमार और चौकीदार आलोक कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने सड़क पर घायल पड़े नीतीश कुमार को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस की तत्परता के कारण दुर्घटना के करीब 10 मिनट के भीतर घायल को अस्पताल में चिकित्सा सुविधा मिल गई।

बताया गया कि समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने के बाद घायल युवक का इलाज शुरू किया गया। पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने भी सराहना की। लोगों का कहना था कि दुर्घटना के बाद समय पर चिकित्सा सुविधा मिलना घायल व्यक्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है और गश्ती टीम ने तत्काल कार्रवाई कर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया।
वहीं, हादसे में शामिल टोटो चालक की पहचान दिलखुश कुमार, पिता अवधेश यादव, निवासी जरलाही कुर्सेला, कटिहार के रूप में हुई है। बताया गया कि दिलखुश कुमार वर्तमान में अपने ननिहाल लक्ष्मीपुर में रह रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और हादसे की परिस्थितियों की जानकारी ली। बाइक और टोटो की टक्कर के कारणों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस घटना में गोपालपुर थाना की गश्ती टीम की तत्परता चर्चा का विषय बनी रही। हादसे के बाद यदि घायल को अस्पताल पहुंचाने में देरी होती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी, लेकिन पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाया और समय रहते उसका इलाज शुरू कराया।
















