


बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में चालक ने खोया नियंत्रण, बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों समेत सभी यात्री सुपौल जिले के
नवगछिया। विक्रमशिला सेतु पहुंच पथ पर साहू पेट्रोल पंप के पास गुरुवार को दो बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसी दौरान बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में गंगा स्नान के लिए सुपौल जिले से महादेवपुर घाट जा रहा यात्रियों से भरा टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में टेंपो सवार करीब 13 यात्री घायल हो गए। घायलों में चार छोटे बच्चों के अलावा महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं। टेंपो चालक भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

ग्रामीणों ने तत्परता दिखाकर घायलों को पहुंचाया अस्पताल
टेंपो पलटते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त टेंपो में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने घायलों का तत्काल उपचार शुरू किया। घायलों में कुछ की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल अनिल राम और उनकी पत्नी किरण कुमारी को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर किया गया।
गंगा स्नान के लिए महादेवपुर घाट जा रहे थे यात्री
बताया गया कि टेंपो पर सवार सभी यात्री सुपौल जिले के रहने वाले हैं। सभी गंगा स्नान के लिए महादेवपुर घाट जा रहे थे। इसी दौरान विक्रमशिला सेतु पहुंच पथ पर साहू पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही दो बाइक आपस में टकरा गईं।

अचानक हुई बाइक की आमने-सामने टक्कर को देखकर टेंपो चालक ने बाइक सवारों को बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और यात्रियों से भरा टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया।
बच्चों और बुजुर्गों समेत ये लोग हुए घायल
हादसे में सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के लागुनिया निवासी अनिल राम (37), उनकी पत्नी किरण देवी, कामत किशुनगंज कठही निवासी कंचन देवी (25), उनके पुत्र अमित कुमार (12) और मनीष कुमार (8), टेंपो चालक जितेंद्र दास (68), ऋतू कुमारी (20), पिंकी देवी, सातन राम (55), उनकी पत्नी रीता देवी, अस्मिता कुमारी (7), शिवम कुमार (12) और पप्पू राम (32) सहित अन्य यात्री घायल हुए।
घायलों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल होने के कारण हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई। ग्रामीणों की तत्परता से घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी जुटाई
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस द्वारा दोनों बाइक सवारों के संबंध में भी जानकारी ली जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय तक विक्रमशिला सेतु पहुंच पथ पर अफरातफरी की स्थिति बनी रही।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं अस्पताल में भर्ती घायलों का इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल दंपती अनिल राम और उनकी पत्नी किरण कुमारी को बेहतर उपचार के लिए भागलपुर मायागंज रेफर किया गया है।
















