


@ एनटीपीसी कहलगांव की CISF अग्निशमन शाखा ने शनिवार को कहलगांव में स्कूल से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तक चला अग्नि सुरक्षा अभियान, लाइव डेमो से समझाया ‘क्या करें, क्या न करें’।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। दीपावली की रोशनी और पटाखों की तैयारी के बीच केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने सुरक्षा का संदेश घर-घर पहुंचाने की पहल शुरू कर दी है। एनटीपीसी कहलगांव की CISF अग्निशमन शाखा ने शनिवार को डीएवी स्कूल एनटीपीसी कहलगांव और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में विशेष अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों को आग से बचाव के व्यावहारिक तरीके बताए।
अभियान का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा बच्चों को पटाखों से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं के प्रति सजग करना रहा। अग्निशमन कर्मियों ने विद्यार्थियों को समझाया कि पटाखे हमेशा खुले और सुरक्षित स्थान पर ही जलाएं तथा बच्चों को पटाखे चलाने के दौरान बड़ों की निगरानी में रखें। ज्वलनशील वस्तुओं से दूरी बनाए रखने और छोटी-सी आग को नजरअंदाज न करने की सलाह भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान फायर फाइटिंग क्लास और लाइव डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से अग्निशमन उपकरणों के इस्तेमाल की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि आग अलग-अलग प्रकार की होती है और हर आग पर एक ही तरीके से काबू नहीं पाया जा सकता। आग लगने के संभावित कारणों, शुरुआती स्तर पर बचाव के उपायों तथा उपलब्ध संसाधनों के सही इस्तेमाल की जानकारी भी दी गई।
अग्निशमन दल ने बच्चों को यह भी बताया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल सुरक्षित स्थान की ओर निकलना चाहिए और आसपास के लोगों तथा संबंधित आपातकालीन सेवाओं को सूचना देनी चाहिए। आपदा के दौरान सुरक्षित निकासी और बचाव की प्रक्रिया भी समझाई गई।
CISF कर्मियों ने विद्यार्थियों को आगाह किया कि एक छोटी-सी लापरवाही कुछ ही मिनटों में बड़ी दुर्घटना में बदल सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए दीपावली के दौरान पटाखों को सुरक्षित तरीके से जलाने, ज्वलनशील पदार्थों से दूरी रखने और आग से जुड़ी किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में करीब 100 छात्र-छात्राओं और पांच शिक्षकों ने भाग लिया। इस दौरान सहायक कमांडेंट/अग्नि, निरीक्षक/अग्नि, विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षकगण मौजूद रहे।
















