


पूर्णिया । केवाईपी केंद्रों के रिन्यूवल, नामांकन एवं प्रशिक्षण तत्काल शुरू करने तथा लंबित बिलों के भुगतान की मांग को लेकर गर्दनीबाग में चल रहा केवाईपी बचाओ महाआंदोलन शनिवार को छठे दिन भी जारी रहा। बड़ी संख्या में केवाईपी केंद्र संचालक धरना स्थल पर डटे रहे।

आंदोलनकारियों ने मांग की कि पूर्व से संचालित केवाईपी केंद्रों का तत्काल रिन्यूवल कर सभी केंद्रों पर नामांकन एवं प्रशिक्षण शुरू किया जाए तथा लंबित बिलों का अविलंब भुगतान किया जाए। लगातार छह दिनों से धरना जारी रहने के बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस एवं सकारात्मक पहल नहीं होने से केंद्र संचालकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
पूर्व से संचालित केवाईपी केंद्रों को बंद कर नए टेंडर के माध्यम से नए केंद्र स्थापित किए जाने के प्रस्ताव के विरोध में आंदोलनकारियों ने युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद का अर्थी जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र संचालकों ने सरकार की नीति के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुराने केवाईपी केंद्रों को प्राथमिकता के आधार पर रिन्यूवल देने की मांग की।
केंद्र संचालकों का कहना है कि उन्होंने वर्षों से केवाईपी केंद्रों के संचालन के लिए लाखों रुपये का निवेश किया है। ऐसे में पुराने केंद्रों को रिन्यूवल दिए बिना नए टेंडर की प्रक्रिया शुरू करना उनके साथ अन्याय है। उन्होंने सरकार से मांग की कि पुराने केंद्रों पर ही आवश्यकतानुसार कोर्स अपग्रेड कर प्रशिक्षण कार्य तत्काल शुरू कराया जाए।

आंदोलनकारियों ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि 31 अगस्त 2026 तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो 1 सितंबर 2026 से सामूहिक भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
केंद्र संचालकों ने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर पूर्व से संचालित सभी केवाईपी केंद्रों का रिन्यूवल, नामांकन एवं प्रशिक्षण बहाल करने तथा लंबित बिलों का भुगतान करने की मांग की है।
















