


नवगछिया। अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार को नवगछिया पुलिस जिला के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अपराधी परेड एवं जेल से रिहा अभियुक्तों की परेड का आयोजन किया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के निर्देश पर संबंधित थानों की पुलिस द्वारा की गई।

परेड के दौरान पूर्व में आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे तथा जेल से रिहा हुए अभियुक्तों की गतिविधियों और वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई। पुलिस पदाधिकारियों ने संबंधित लोगों को क्षेत्र में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा कानून का पालन करने का निर्देश दिया।
पुलिस ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि दोबारा किसी आपराधिक या अवैध गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों से दूर रहने और किसी भी प्रकार की कानून-विरोधी गतिविधि में शामिल नहीं होने की हिदायत दी गई।
पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य पूर्व के आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे लोगों पर निगरानी बनाए रखना, संभावित आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना तथा क्षेत्र में आम लोगों के बीच सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने कहा कि अपराध नियंत्रण को लेकर इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
















