


विदाई समारोह में पुष्पगुच्छ और शॉल देकर किया गया सम्मानित, अधिकारियों और जवानों ने दी सुखद सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं
नवगछिया। पुलिस जिला नवगछिया में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले होमगार्ड जवान निर्मल कुमार सिंह सोमवार को करीब 37 वर्षों की सेवा के बाद सेवानिवृत्त हो गए। उनकी सेवानिवृत्ति के अवसर पर होमगार्ड पुलिस कार्यालय, नवगछिया परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया।

समारोह के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने निर्मल कुमार सिंह को पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया। अधिकारियों ने उनके लंबे सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने करीब 37 वर्षों तक पूरी ईमानदारी, निष्ठा और अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया।
सेवा के दौरान निर्मल कुमार सिंह ने पुलिस प्रशासन के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात नियंत्रण, विभिन्न मेला एवं पर्व-त्योहारों के दौरान ड्यूटी तथा वीआईपी ड्यूटी सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। अधिकारियों ने कहा कि लंबे समय तक विभाग में रहते हुए उन्होंने अपने दायित्वों को पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाया।
इस अवसर पर कंपनी कमांडर मो. इस्तेखार आलम सहित उपस्थित होमगार्ड जवानों ने भी निर्मल कुमार सिंह के कार्यों, समर्पण एवं अनुशासन की प्रशंसा की। जवानों ने कहा कि लंबे सेवाकाल के दौरान उनके अनुभव और कर्तव्यनिष्ठा से अन्य जवानों को भी प्रेरणा मिली।
विदाई समारोह में उपस्थित पदाधिकारियों एवं जवानों ने सेवानिवृत्त होमगार्ड जवान के स्वस्थ, सुखद एवं शांतिपूर्ण भविष्य की कामना की। समारोह के दौरान माहौल भावुक भी रहा और सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए सेवाकाल को याद किया।

इस मौके पर होमगार्ड जवान पवन मिश्र, विजय कुमार सिंह, सुजीत कुमार, टुनटुन कुमार, कृष्णा कुमार सहित अन्य जवान मौजूद रहे।
















