


गुप्त सूचना पर गोपालपुर पुलिस ने की छापेमारी, घर से विभिन्न ब्रांड की शराब बरामद
नवगछिया पुलिस जिला के गोपालपुर थाना क्षेत्र के गोसाई गांव में सोमवार शाम गोपालपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की। पुलिस ने मौके से मुन्ना कुमार को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई गोपालपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रवि शंकर सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि एक घर में अवैध रूप से विदेशी शराब का भंडारण किया गया है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने बताए गए ठिकाने पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान मुन्ना कुमार के घर से विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब बरामद हुई।
शराब बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे जब्त कर लिया और मुन्ना कुमार को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस अब बरामद शराब की मात्रा और उसके स्रोत के संबंध में जांच कर रही है।
गोपालपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रवि शंकर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जानकारी सामने आई है कि बरामद शराब को आगामी एक आयोजन में खपाने की तैयारी थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शराब बरामद की और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए शराब के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
















