


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। बैंक से पैसे निकालकर घर लौटने की तैयारी कर रहे रिटायर्ड रेलकर्मी को शायद अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही कदम आगे अपराधी उसका इंतजार कर रहे हैं। बड़ी पोस्ट ऑफिस के पास बाबूलाल होटल वाली गली में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से 50 हजार रुपये निकालकर निकले तिलकामांझी आनंदबाग निवासी रिटायर्ड रेलकर्मी से हथियार के बल पर छिनतई कर ली गयी।
जानकारी के अनुसार, बैंक से रकम निकालने के बाद जैसे ही रेलकर्मी गली में पहुंचे, हेलमेट पहने एक व्यक्ति उनके सामने आ गया। आरोप है कि अपराधी ने हथियार का भय दिखाकर उनके पास मौजूद 50 हजार रुपये छीन लिये। इसके बाद वह पैदल मेन रोड की ओर भाग निकला।

बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद भागने की पूरी तैयारी पहले से थी। मेन रोड पर एक दूसरा अपराधी मोटरसाइकिल लेकर खड़ा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहला अपराधी वहां पहुंचा और दोनों मोटरसाइकिल से कचहरी चौक की ओर फरार हो गये।
बैंक से निकले ग्राहक का पीछा किया गया था या अपराधियों ने मौके पर ही निशाना साधा, यह अभी स्पष्ट नहीं है। हालांकि, घटना के तरीके ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिये हैं। वारदात की सूचना मिलते ही जोगसर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित से घटना की जानकारी ली। पुलिस बैंक परिसर से लेकर आसपास के रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज से हेलमेट पहने अपराधी और उसके साथी की पहचान में मदद मिल सकती है।

दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अपराधियों ने रिटायर्ड रेलकर्मी को बैंक से निकलने के बाद निशाना बनाया था या वारदात के पीछे पहले से कोई रेकी की गयी थी।
















