


नवगछिया एसपी नें प्रेस वार्ता कर दी जानकारी 546 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
नवगछिया : मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में नवगछिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 546 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल और दो मोबाइल भी जब्त किए हैं। बरामद स्मैक का अंतरराष्ट्रीय मूल्य करीब 70 लाख रुपये बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, एनएच-31 स्थित संतोष धर्मकांटा के समीप स्मैक की खेप पहुंचाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने वहां निगरानी शुरू की। करीब 11 बजे संदिग्ध बुलेट मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में हरेराम कुमार उर्फ बमबम के पास से 220 ग्राम और विशाल कुमार के पास से 326 ग्राम स्मैक बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपितों में पकड़ा गांव निवासी हरेराम कुमार उर्फ बमबम और तेतरी निवासी विशाल कुमार शामिल हैं। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि पकड़ा गांव निवासी विकास कुमार और छोटू कुमार के कहने पर वे पश्चिम बंगाल के मालदा से स्मैक लेकर आ रहे थे।
मामले में नवगछिया थाना कांड संख्या 356/26 दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य संलिप्त आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, पिछले तीन माह में विशेष अभियान के तहत 2.1 किलोग्राम स्मैक बरामद कर 20 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देशन में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन किया गया है। टीम द्वारा तस्करी और अवैध कारोबार से जुड़ी सूचनाओं का संकलन कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री, भंडारण या अन्य अवैध गतिविधियों की सूचना टोल-फ्री हेल्पलाइन 1933 अथवा मानस पोर्टल के माध्यम से देने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
















