


नवगछिया। महबूब खान टोला रोड स्थित किडज़ी जॉनी किड्स एवं माउंट लिट्रा जी स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में दही-हांडी कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।

जन्माष्टमी को लेकर विद्यालय पहुंचे नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा और श्रीकृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में नजर आए। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों और पारंपरिक परिधानों से विद्यालय परिसर का माहौल भक्तिमय और उत्सवपूर्ण हो गया। बच्चों ने श्रीकृष्ण के जीवन और बाल लीलाओं से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दही-हांडी रहा। नन्हे गोपालों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ दही-हांडी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान विद्यालय परिसर जय श्रीकृष्ण के जयघोष से गूंज उठा। बच्चों ने पर्व को उल्लास और धूमधाम के साथ मनाया।
विद्यालय के निदेशक त्रिदीप कुमार दास ने बच्चों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सांस्कृतिक और पारंपरिक कार्यक्रम बच्चों को भारतीय संस्कृति एवं त्योहारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रधानाचार्या अमरीन खान ने बच्चों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि त्योहारों के माध्यम से बच्चों में समृद्ध संस्कृति, परंपराओं तथा आपसी प्रेम और सद्भाव की भावना विकसित होती है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी बच्चों और अभिभावकों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी गईं।
















