


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। बाढ़ ने राघोपुर पंचायत के लोगों की मुश्किलें बढ़ाईं तो प्रशासन ने राहत के साथ उन बुनियादी जरूरतों पर भी फोकस किया, जिनके बिना शिविरों में जिंदगी और कठिन हो सकती थी। राहत और बचाव कार्य के बीच अब पेयजल, शौचालय, स्नानघर और आश्रय जैसी सुविधाओं को मजबूत करने का काम लगातार जारी है।
राघोपुर पंचायत में बाढ़ प्रभावित परिवारों की सुविधा के लिए कुल पांच राहत शिविर संचालित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 91 सामुदायिक और 20 व्यक्तिगत शौचालय बनवाए गए हैं।

पानी की किल्लत न हो, इसके लिए 28 चापाकलों को चालू या दुरुस्त किया गया है, जबकि 5 नए चापाकल भी लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त 7 चापाकलों की मरम्मत कराई गई है। प्रभावित लोगों के लिए 14 शेड का निर्माण भी कराया गया है, ताकि राहत शिविरों में रहने वालों को अपेक्षाकृत सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान मिल सके।
बाढ़ के दौरान दूषित पानी से होने वाली बीमारियों के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने पेयजल की गुणवत्ता पर भी ध्यान दिया है। 20 स्थानों पर पेयजल की जांच पूरी की जा चुकी है। वहीं, शिविरों में स्वच्छता और व्यक्तिगत साफ-सफाई की जरूरत को देखते हुए 2 स्नानघरों का निर्माण कराया गया है।
प्रशासन का कहना है कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री और जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का काम लगातार चल रहा है। फिलहाल प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को सुरक्षित माहौल में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
प्रशासन ने संकेत दिया है कि बाढ़ का पानी पूरी तरह उतरने के बाद पुनर्निर्माण और मरम्मत के कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। यानी फिलहाल राहत और बुनियादी सुविधाओं पर जोर है, जबकि बाढ़ के बाद क्षतिग्रस्त आधारभूत संरचनाओं को फिर से दुरुस्त करने की तैयारी रहेगी।

















