


ग्रामीणों ने तटबंध की सुरक्षा को लेकर उठाए सवाल, विभाग से तत्काल रोक लगाने की मांग
नवगछिया । गोपालपुर-इस्माईलपुर-बिंद टोली तटबंध के स्पर संख्या 7 और 8 के बीच तटबंध से सटे क्षेत्र में पिछले कई दिनों से पोकलेन मशीन के जरिए बालू उठाव किए जाने का ग्रामीणों ने विरोध किया है। ग्रामीणों का कहना है कि तटबंध के समीप से लगातार बालू उठाव होने से उसकी सुरक्षा को लेकर खतरा उत्पन्न हो सकता है। मामले से संबंधित वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है।
ग्रामीण एवं वरिष्ठ भाजपा नेता नितेन्द्र सिंह उर्फ गुलाब ने बताया कि तटबंध से सटे क्षेत्र में बालू उठाव की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि तटबंध क्षेत्र में किसी भी प्रकार की गतिविधि से पहले उसकी सुरक्षा को प्राथमिकता देना जरूरी है। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों और वरीय पदाधिकारियों को भी अवगत कराया गया है, ताकि तटबंध की सुरक्षा में किसी तरह की चूक नहीं हो।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि तटबंध से सटे क्षेत्र में किए जा रहे बालू उठाव की जांच कराई जाए और यदि इससे तटबंध की सुरक्षा प्रभावित होने की आशंका है तो तत्काल बालू उठाव पर रोक लगाई जाए। ग्रामीणों ने कहा कि बरसात और बाढ़ के समय तटबंध की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है, ऐसे में इसकी सुरक्षा को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

इधर, जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता इंजीनियर गौतम कुमार ने बताया कि तटबंध की सुरक्षा के मानकों का पालन करते हुए तटबंध से सटे स्थान पर डंप किए गए बालू का उठाव किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तटबंध की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही बालू उठाव का कार्य कराया जा रहा है।
















