5
(2)

भागलपुर। अकबरनगर एवं आसपास का इलाका बाढ़ की चपेट में है। क्षेत्र के कई गांवों में बाढ़ का पानी फैलने से जनजीवन प्रभावित हो गया है। रविवार दोपहर पानी के बढ़ते दबाव के कारण श्रीरामपुर रिंग बांध अचानक टूट गया, जिसके बाद गांव में तेजी से बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया। देखते ही देखते श्रीरामपुर गांव का बड़ा हिस्सा जलमग्न हो गया।

रिंग बांध टूटने से करीब सात हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। गांव में पानी प्रवेश करते ही अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। ग्रामीण अपने घरों से जरूरी सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुट गए। कई परिवारों के सामने घर छोड़कर सुरक्षित स्थान पर जाने की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में बाढ़ के पानी का लगातार बढ़ता दबाव रिंग बांध पर पड़ रहा था। रविवार दोपहर बांध पर पानी का दबाव बढ़ता देख ग्रामीणों ने अपने स्तर से बांध को बचाने का प्रयास किया। ग्रामीणों का कहना है कि काफी प्रयास के बावजूद बांध में अचानक दरार पड़ गई और कुछ ही देर में पानी के तेज बहाव ने बांध को तोड़ दिया।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बांध पर बढ़ते पानी के दबाव की जानकारी स्थानीय अधिकारियों को पहले ही दी गई थी। इसके बावजूद समय रहते बांध को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक कदम नहीं उठाए गए। बांध टूटने के बाद बड़ी मात्रा में पानी गांव में प्रवेश कर गया, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

बाढ़ के पानी से प्रभावित ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराने, सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा आवश्यक भोजन, पेयजल एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: