


भागलपुर। कहलगांव अनुमंडल के पीरपैंती थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि पीरपैंती स्टेशन के समीप सुंदरपुर स्थित टेंपो स्टैंड में एक युवक किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की नीयत से हथियार लेकर घूम रहा है।
सूचना के बाद पीरपैंती थाना पुलिस एवं सशस्त्र बल मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक टेंपो स्टैंड में खड़ी एक खाली टेंपो में जाकर छिप गया। संदेह होने पर पुलिस ने टेंपो की घेराबंदी कर युवक को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में गिरफ्तार युवक की पहचान करीब 25 वर्षीय प्रिंस कुमार यादव, पिता कंकड़ यादव, निवासी मधुवन टोला, थाना पीरपैंती के रूप में हुई। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक देसी कट्टा एवं पिस्टल की मैगजीन बरामद की। मैगजीन की जांच करने पर उसमें कोई गोली नहीं मिली।
पुलिस ने बरामद हथियार एवं मैगजीन को जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पीरपैंती थाना कांड संख्या 402/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट के तहत आगे की कार्रवाई एवं जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व से भी दो मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास एवं बरामद हथियारों के संबंध में अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।
















